सर्व समाज के लिए हितकारी है कबीर की शिक्षाएः मंत्री अनूप धानक

महम में कबीर जयंती समारोह आयोजित, कबीर भवन का किया उद्घाटन।

सर्व समाज के लिए हितकारी है कबीर की शिक्षाएः मंत्री अनूप धानक

महम, गिरीश सैनी। हरियाणा के श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा कि संत शिरोमणि कबीर की शिक्षाओं को आत्मसात करने से ही समाज प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। संत कबीर ने शिक्षा पर जोर देते हुए अंधविश्वास से दूर रहने की सीख दी। संत कबीर की शिक्षाएं सर्व समाज के हित में हैं। इसलिए आज 600 वर्ष बाद भी संत कबीर जयंती देश व प्रदेश भर में मनाई जा रही है। 

श्रम राज्य मंत्री शनिवार को महम में संत कबीर शिक्षा एवं समाज विकास संगठन महम द्वारा आयोजित संत कबीर की 626वीं जयंती समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने संत कबीर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और संत शिरोमणि कबीर साहेब भवन महम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने संत कबीर शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए संगठन को अपने ऐच्छिक कोष से 5 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने समाज हित व विकास के नेक कार्यों के लिए समाज के सक्षम व समर्थ लोगों से भी आर्थिक मदद करने का आह्वान किया।

श्रम राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा कि हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार है और पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। सामाजिक विकास के कार्यो को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को क्रियान्वित किया गया है। किसानों को फसलों के अच्छे भाव दिए जा रहे हैं। 

कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं जजपा एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश खटक, जोगीराम खुंडिया, दलबीर नंबरदार, जजपा जिला अध्यक्ष दलबीर भराण, रविंद्र सांगवान, हरज्ञान मोखरा सहित अन्य मौजूद रहे।