राहुल गांधी की किसान न्याय गारंटी घर- घर तक पहुंचाएगी किसान कांग्रेसः राजू मान

राहुल गांधी की किसान न्याय गारंटी घर- घर तक पहुंचाएगी किसान कांग्रेसः राजू मान

चरखी दादरी, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर किसान कांग्रेस के कार्यकर्ता देश भर में हर घर तक राहुल गांधी द्वारा घोषित किसान न्याय गारंटी को पहुंचाएंगे। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन सुखपाल सिंह खहिरा की अध्यक्षता में एआईसीसी में आयोजित बैठक में यह फैसला लिया गया। यह जानकारी देते हुए किसान कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के राष्ट्रीय संयोजक राजू मान ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी ने किसानों के लिए इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों के लिए एमएसपी को कानूनी दर्जा देने की गारंटी देने की अहम घोषणा की है। इससे किसानों में भारी उत्साह है।

 

उन्होंने कहा कि किसान न्याय गारंटी के तहत कृषि सामग्रियों पर से जीएसटी हटाया जाएगा। कृषि ऋण माफी निर्धारित करने के लिए आयोग की स्थापना की जायेगी। इसके साथ किसानों के हित के लिए आयात- निर्यात नीति का निर्धारण किया जायेगा।

 

राजू मान ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा में आवश्यक तब्दीली की जाएगी और फसल का नुकसान होने पर सीधे किसानों के बैंक खाते में तीस दिन के भीतर भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस मुस्तैदी से लोकसभा चुनावों में अपनी भूमिका निभाएगी। इस दौरान किसान कांग्रेस के वाईस चेयरमैन अखिलेश शुक्ला, अनंत दहिया, जगजीत शर्मा, दीपक शर्मा, डॉ आर. सी. पांडेय, राजकुमार यादव, सतपाल सिंह संधु, प्रिया ग्रेवाल, रवीना कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।