21 जुलाई को हिसार में पहली बार आयोजित होगा महाराजा दक्ष जयंती राज्य स्तरीय समारोहः विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा

21 जुलाई को हिसार में पहली बार आयोजित होगा महाराजा दक्ष जयंती राज्य स्तरीय समारोहः विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए क्रीमी लेयर की सीमा को केंद्र सरकार की तर्ज पर छह लाख रूपए से बढ़ाकर आठ लाख रुपए कर दिया है। सरकार द्वारा शीघ्र ही बैकलॉग को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

गंगवा ने स्थानीय कैनाल रैस्ट हाउस में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संत महापुरूषों की शिक्षा व विचारों को घर-घर पहुंचाने के लिए राज्य स्तर पर संत महात्माओं की जयंतियां मनाई जा रही हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार द्वारा 21 जुलाई को हिसार में राज्य स्तर पर पहली बार महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती मनाई जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यअतिथि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के प्रति समाज के लोगों में काफी उत्साह है तथा समाज के लोग इस कार्यक्रम में बढ़चढक़र भाग लेंगे।

विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना पर्ची बिना खर्ची के योग्य युवाओं को रोजगार दिया है, जिससे युवाओं का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। सरकार द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय के मूल मंत्र अंत्योदय को क्रियान्वित करते हुए पंक्ति में खड़े अंतिम गरीब व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गत 23 जून को गुरुग्राम में क्रीमी लेयर की सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भी ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने 50 हजार नए रोजगार देने की बात कही है।

गंगवा ने कहा कि गत दिनों सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार गठित हुई है। प्रदेश में भी भाजपा को तीसरी बार पूर्ण बहुमत मिलेगा। भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस के भ्रम जाल को दूर करने के लिए लोगों के घर-घर जा रहे हैं। इस दौरान हरियाणा माटी कला बोर्ड के चेयरमैन ईश्वर मालवाल, डॉ. ईश्वर सिंह, कृष्ण शास्त्री, संदीप प्रजापति सहित अन्य मौजूद रहे।