विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे मनोहर लाल

विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे मनोहर लाल

बोलेः कांग्रेस बापू-बेटा की पार्टी, कांग्रेस राज में खुलेआम नौकरियों की बोलियां लगती थी।

कलानौर, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी के 10 साल का शासन कांग्रेस के 60 साल पर भारी पड़ रहा है। इन 10 सालों में नरेंद्र मोदी ने बिना किसी भेदभाव के किसान, मजदूर, युवा, महिला सहित देश के सभी वर्गों के लिए बराबर काम किया है। वे सोमवार को कलानौर में भाजपा उम्मीदवार डॉ अरविंद शर्मा के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

मनोहर लाल ने कहा कि इन 10 सालों में देश की अर्थव्यवस्था में जबरदस्त सुधार हुआ है। कांग्रेस राज में विश्व में अर्थव्यवस्था के लिहाज से 11वें स्थान पर रहने वाला भारत आज पांचवें स्थान पर है और आने वाले 2 सालों में हमारा देश विश्व की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों के लिए लड़ाई लड़ने का काम किया है और गरीबों की खुशी कांग्रेस से सहन नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव के समय में कांग्रेसी लोगों के बीच में जाकर झूठ बोलकर वोट लेने का काम करेंगे, लेकिन लोगों को कांग्रेस के झूठ में नहीं आना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में उन्होंने साढ़े नौ साल तक प्रदेश की सेवा की है। इस दौरान उन्होंने बिना खर्ची बिना पर्ची नौकरी देने का काम किया है। जबकि कांग्रेस के राज में खुलेआम नौकरियों की बोलियां लगा करती थी। आज प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा गांव होगा जहां पर 50 से कम व्यक्ति नौकरी लगे हों। प्रदेश सरकार के इस फैसले से युवाओं में शिक्षा के प्रति एक बार फिर से विश्वास पैदा हुआ है।

कांग्रेस पर बरसते हुए मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस बापू-बेटा की पार्टी है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सभी 10 सीटों पर चुनाव हार गई थी, लेकिन कांग्रेस को सोनीपत और रोहतक सीटों का हार का दुख था, बाकी 8 सीटों की हार का उसे कोई दुख नहीं था। इस बार अपने इस दुख को कम करने के लिए केवल रोहतक में चुनाव लड़ने का फैसला किया। उन्होंने कलानौर को हरिद्वार का दूसरा रूप बताते हुए कहा कि यह धरती इतनी पवित्र है कि यहां से मिला हुआ आशीर्वाद खाली नहीं जाता।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लोगों को मुफ्तखोर बनाना चाहती है। वह महिलाओं को एक-एक लाख रुपए देने का वादा करती है, लेकिन नरेंद्र मोदी ने 2 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम किया है और इस बात का वादा किया है कि 3 करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहनों को ड्रोन की ट्रेनिंग देने का काम किया गया है और आज स्थिति यह है की बहनों को ड्रोन दिए गए हैं। आज हरियाणा में खाद का छिड़काव भी खेतों में ड्रोन से हो रहा है। उन्होंने पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में एक तरफा माहौल होने का दावा करते हुए कहा कि हम सभी लोकसभा सीटों पर बड़े भारी अंतर से जीत रहे हैं।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोई भी वर्ग ऐसा नहीं छोड़ा जिसके लिए काम ना किया हो। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की गारंटी आज लोगों को खूब भा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने टेक्नोलॉजी के माध्यम से सब कुछ ऑनलाइन कर लोगों को लाइन में लगने से छुटकारा दिलाया है।

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार ने अपने कार्यों से लोगों का विकास करने का काम किया है। इस मौके पर हरियाणा सरकार में मंत्री बिशंभर वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, लोकसभा चुनाव प्रभारी राजीव जैन, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक सहित अन्य मौजूद रहे।