विधायक पिंकी ने बहाल करवाए गरीबों के 3800 राशन कार्ड, 4200 लोगों के नए राशन कार्ड भी बनवाए
कहा, जिन लोगों के राशन कार्ड बहाल हुए हैं वह राशन डिपुओं से प्राप्त करें तीन महीने की गेहूं और दाल

फिरोजपुर: लॉकडाउन की वजह से गरीब वर्ग की समस्या को देखते हुए विधायक फिरोजपुर शहरी परमिंदर सिंह पिंकी ने हलके के करीब 3800 लोगों के राशन कार्ड बहाल करवा दिए हैं, साथ ही 4200 लोगों के नए राशन कार्ड भी जारी करवाए हैं। इन लोगों को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह की अगवाई में पंजाब सरकार की तरफ से मुहैया करवाई जा रही तीन महीने की मुफ्त गेहूं और दाल का वितरण जल्द ही शुरू किया जाएगा।
विस्तृत जानकारी देते हुए विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया कि जिले में बड़ी तादाद में लोगों के राशन कार्ड कैंसिल कर दिए गए थे और उन्हें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत निशुल्क गेहूं और दालें प्राप्त करने में समस्या आ रही थी। इस समस्या को देखते हुए सभी प्रभावित लोगों के राशन कार्ड दोबारा बहाल करवाने की मुहिम शुरू करवाई गई, जिसके तहत 3800 के करीब लोगों के राशन कार्ड दोबारा बहाल करवा दिए गए हैं। इसी तरह 4200 लोगों के नए राशन कार्ड भी बनवा दिए गए हैं। विधायक पिंकी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पंजाब सरकार गरीब व कमजोर वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हुई है। लोगों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी। अगर अब भी किसी को समस्या आती है तो वह सीधे उनसे संपर्क करे और लोगों की समस्या का समाधान करवाया जाएगा। विधायक पिंकी ने बताया कि संबंधित लाभपात्री अपने राशन डिपो से जाकर तीन महीने की गेहूं और दालें प्राप्त कर सकते हैं।