मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में मोहन लाल बड़ौली ने संभाला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार

सीएम बोले, डबल इंजन की सरकार ने आम आदमी के जीवन को बनाया सरल। 

मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में मोहन लाल बड़ौली ने संभाला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली को रविवार को रोहतक स्थित पार्टी कार्यालय मंगल कमल में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कराया। पदभार ग्रहण करने पर बड़ौली ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। इस समारोह में कांग्रेस और जजपा के अनेक नेताओं ने भी भाजपा का दामन थामा। 

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में ‘‘तीन बी’’ बदली, भर्ती व भ्रष्टाचार का बोलबाला था। बिना पैसे दिए ना बदली होती थी, ना भर्ती होती और भ्रष्टाचार से लोग परेशान हो चुके थे। सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस के तीन ’बी’’ से भाजपा ने मुक्ति दिलाने का काम इन 10 सालों में किया है। नए प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली को बधाई देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू करके आम आदमी के जीवन को सरल बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर लागू किया है। सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने में जुटी हुई है। अंत्योदय की भावना से लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्षों में जनकल्याण व विकास के इतने कार्य करके दिखाए हैं, जितने की पिछली सरकारों के 60 वर्षों के कार्यकाल में भी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी से हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 वर्षों तक शासन किया, लेकिन 24 घंटे बिजली देने का वायदा पूरा नहीं कर पाए। 24 घंटे बिजली देने का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस से यह भी सवाल पूछ रही है कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में कितनी फोर लेन सड़कें बनाई गई, जबकि दूसरी ओर भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के हर एक जिले में फॉर लाइनिंग सडक़ों का निर्माण करवाया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया है, जबकि वर्ष 2014 से पहले माता व बहनों को पानी लेने के लिए दो-दो किलोमीटर तक जाना पड़ता था। उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख परिवारों को गैस सिलेंडर डबल इंजन की सरकार ने उपलब्ध करवाए हैं, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में सिलेंडर लेने के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि मौजूदा भाजपा की सरकार ने प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्चे के एक लाख 32 हजार नौकरियां प्रदान की है। हर 20 किलोमीटर के दायरे में राजकीय महाविद्यालय खोले गए हैं, ताकि बेटियां उच्च शिक्षा ग्रहण कर सके। इसी प्रकार से जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से कम है उन सब परिवारों की बेटियों की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को मौजूदा डबल इंजन की सरकार ने ही 100 गज के प्लाटों का न केवल कब्जा दिलवाया है बल्कि उनके कागजात भी उपलब्ध करवाए है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक ही आवाज बुलंद हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ व वार्ड-वार्ड में पहुंचकर आगामी चुनाव में कमल खिलाने का कार्य करें। उन्होंने महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बी.सी. सम्मान सम्मेलन में भी भाग लेने का लोगों से आह्वान किया।

प्रदेश में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार: मोहन लाल बडोली

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझते हुए उन्हें पूरा मान-सम्मान देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपने सफऱ की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें दिवंगत डॉ मंगल सेन के नेतृत्व में काम करने का भी सौभाग्य प्राप्त है। मुख्यमंत्री नायब सिंह की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आवास पर रात के दो-दो बजे तक आमजन की समस्याओं को सुनते हैं और उनका निपटारा करते हैं। बडोली ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में नायब सिंह के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। 

इस दौरान मंत्री बिशम्बर सिंह तथा राज्यसभा सांसद कृष्ण पवार ने कहा कि भाजपा की सरकार में अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के लोगों के हित पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेताओं ने अनुसूचित जाति के लोगों को झूठी बातों के आधार पर बरगलाने का काम किया। झूठा प्रचार किया गया कि संविधान और आरक्षण समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वास्तविकता तो यह है कि संविधान में अब तक 126 बार संशोधन हुआ है, जिसमें से 100 से ज्यादा बार कांग्रेस ने संशोधन किया है। 

हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा में नायब व मोहन की जोड़ी पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को उनके हक दिलाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह दिन-रात लोगों की सेवा में जुटे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए ग्रोवर ने कहा कि हुड्डा बाप-बेटा दोनों सत्ता में आने के मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बाप- बेटा पर भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में सरकारी नौकरियां की जो बंदर बांट हुई है तथा दलाली व भ्रष्टाचार हुआ उसे प्रदेश की जनता अब भी याद रखे हुए हैं। 

इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, पूर्व सांसद डॉ अरविंद शर्मा व डॉ अशोक तंवर, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, प्रदेश महामंत्री डॉ अर्चना गुप्ता, जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

कांग्रेस व जजपा नेताओं ने थामा भाजपा का दामन। 
बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में कांग्रेस व जजपा के नेताओं ने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा में शामिल होने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और यूथ कांग्रेस में रह चुके राजकुमार कटारिया, पूर्व जिला पार्षद गंगा सिंह व पूर्व जिला पार्षद मीनू शर्मा, तथा परविन्द्र लाठर को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। शामिल होने वाले नेताओं ने विश्वास दिलाया कि वे पार्टी और संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।