ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष सहित 50 से अधिक ब्राह्मण नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष सहित 50 से अधिक ब्राह्मण नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

रोहतक, गिरीश सैनी। केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में वीरवार को हरियाणा ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा बड़ौता ने अलग-अलग जिलों के करीब 50 से अधिक ब्राह्मण नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।

उल्लेखनीय है कि ब्राह्मण महासभा हरियाणा में ब्राह्मण समाज का शीर्ष संगठन है जो राजनैतिक क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। वीरवार को ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा के साथ अलग-अलग जिलों के कई अन्य ब्राह्मण नेता भी भाजपा में शामिल हो गए। कैथल से सर्व ब्राह्मण सभा के महासचिव विजय शर्मा, युवा सभा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित ईश्वर शर्मा, रोहतक से ललित कौशिक, ओमकार पराशर, कपिल कौशिक, करनाल से जिला अध्यक्ष सुशील गौतम, चरखी दादरी से प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित अजय कौशिक, हिसार से ब्राह्मण सभा संरक्षक राजकुमार भारद्वाज, फतेहाबाद से डॉ राकेश शर्मा और भिवानी से सिलक राम सहित 50 से अधिक ब्राह्मण समाज के नेताओं ने भाजपा में अपनी आस्था प्रकट करते  हुए सदस्यता प्राप्त की, और आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।