जाट शिक्षण संस्था की गवर्निंग बॉडी की नामांकन प्रक्रिया शुरू, पदाधिकारियों का चुनाव 23 जून को

जाट शिक्षण संस्था की गवर्निंग बॉडी की नामांकन प्रक्रिया शुरू, पदाधिकारियों का चुनाव 23 जून को

रोहतक, गिरीश सैनी। जाट शिक्षण संस्था की गवर्निंग बॉडी के पदाधिकारियों की नामांकन प्रक्रिया छोटूराम पॉलिटेक्निक में शुक्रवार से प्रारंभ हो गई है। संस्था के पदाधिकारियों का चुनाव 23 जून को होगा। अतिरिक्त उपायुक्त एवं चुनाव अधिकारी वैशाली सिंह (आईएएस) ने शुक्रवार को निरीक्षण कर समूची नामांकन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। 

संस्था प्रशासक के ओएसडी डॉ. नवनीत अहलावत ने बताया कि संस्था के 105 कॉलेजियम सदस्यों के लिए 4 फरवरी 2024 को चुनाव हुआ था, जिसमें 95 सदस्य चुन कर आए। वहीं 10 सदस्यों को सर्वसम्मति से चुना गया। उन्होंने बताया कि अब संस्था की गवर्निंग बॉडी के लिए प्रधान, उपप्रधान, महासचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुने गए 105 सदस्य अपने मताधिकार का उपयोग कर पदाधिकारियों का चयन करेंगे। चुनाव संबंधी जानकारी संस्था की वेबसाइट  www.jesrohtak.org  पर उपलब्ध है। 

उन्होंने बताया कि 23 जून को होने वाले चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान एआरओ दलबीर राणा, डॉ. शबनम राठी, डॉ. रश्मि लोहचब, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. सितेंद्र कुमार, डॉ. अनिल नरवाल आदि मौजूद रहे।

14/06/2024