अभिभावक जिम्मेदारी लेते हुए युवा पीढ़ी की धर्म सशक्तिकरण में बढ़ाएँ भागीदारी: मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि धर्म प्रवाह में भगवान हनुमान का विशेष स्थान है। उनके बाहुबल, विवेक और बुद्धि बल का यदि राम काज में इस्तेमाल होता है तो वो धर्म है, अन्यथा यह ऊर्जा व्यर्थ हो जाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में अभिभावकों को जिम्मेदारी लेते हुए युवा पीढ़ी की धर्म सशक्तिकरण में भागीदारी बढ़ानी चाहिए।
शनिवार को विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में गांव भैंसरू कलां स्थित सिद्ध शक्तिपीठ बालाजी धाम पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा का ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने महामंडलेश्वर विद्या स्वरूप महाराज व महामंडलेश्वर राघवेन्द्र भारती को माल्यार्पण भी किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान हनुमान हमारे जीवन में संकटमोचक की भूमिका में हैं। उनकी कृपा की बदौलत हमारे जीवन व आचरण में बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राम राज्य की भांति जनहित में निरन्तर कल्याणकारी योजनाओं को विस्तार दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान बुद्धि, विवेक, बल और अपनी सेवा भावना के चलते भगवान श्रीराम के प्रिय हुए, उसी प्रकार आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जन-जन के प्रिय बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार गम्भीरता से काम कर रही है।
इस दौरान महामंडलेश्वर विद्या स्वरूप महाराज, महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती, स्वामी करतार गोविंद, स्वामी शंकरानंद, सूर्यनाथ महाराज सोहंटी धाम, जयस्वरूप महाराज, सरपंच सुनीता व ऋषिकाश, पूर्व सरपंच सुशील कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष कविता शर्मा, वेदराम, बालकिशन, अशोक, मास्टर महेश, राज सिंह, हेमंत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।