राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ा रहे खिलाड़ीः सीएम नायब सिंह सैनी

हरियाणा खेल गौरव पुरस्कार से खिलाड़ियों को किया सम्मानित।

राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ा रहे खिलाड़ीः सीएम नायब सिंह सैनी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को रोहतक में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान हरियाणा लोकसभा चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत माता का मस्तक पूरे विश्व में ऊंचा करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना और उनसे संवाद करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश को खेलों में मिलने वाले 50 फीसदी पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए ऐसी खेल नीति बनाई है, जिससे गांव से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में खिलाड़ी अपना कौशल दिखाकर पदक जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी 2036 में भारत में ओलंपिक खेल करवाने की योजना बना रहे हैं। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक और पैरा ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार नौकरियों के साथ-साथ 4.50 करोड़ से 6 करोड़ रुपये तक नकद पुरस्कार देती है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में खिलाड़ियों के लिए और भी अधिक बेहतर करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। हरियाणा की खेल नीतियां देश में पहले नंबर पर है। सोनीपत में खेल यूनिवर्सिटी का निर्माण करवाया जा रहा है। प्रदेश सरकार खेल नीति बनाकर जीरो ग्राउंड से लेकर ओलंपिक खेलों में भागीदारी के लिए खिलाड़ियों का पूरा सहयोग कर रही है। खिलाड़ियों की समस्या को लेकर सरकार संवेदनशील है। चार जून को आचार संहिता खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल से मिलकर उनकी समस्याओं को दूर किया जाएगा।

इस दौरान हरियाणा भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने दुनिया में हरियाणा का नाम चमकाया और देश के तिरंगे की शान बढ़ाई है। उन्होने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री ‘नायब’ हैं और आप ‘नायाब’ हैं। इसलिए आप सभी धर्म, पंथ और जाति से ऊपर उठकर देश के तिरंगे के लिए काम करें, देश के तिरंगे का मान बढ़ाएं।

सीएम ने इन्हें किया सम्मानित।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा, महिला बॉक्सर एवं वर्ल्ड चैंपियन स्वीटी बूरा, द्रोणाचार्य अवार्डी रामबीर खोखर, द्रोणाचार्य अवार्डी नरेंद्र सैनी, अर्जुन अवार्डी राममेहर सिंह, अर्जुन अवार्डी दीपक पूनिया, अर्जुन अवार्डी पूजा कादियान, अर्जुन अवार्डी साक्षी पूनिया, ध्यानचंद अवार्डी मनोज कुमार, भीम अवार्डी शिवानी कटारिया, भीम अवार्डी जैयंती पाठक, भीम अवार्डी कविता गोयत, भीम अवार्डी सोनिया चहल, भीम अवार्डी निशा, रितिका हुड्डा, वंशज, निक्की, रितिक दहिया, कोच मनदीप, दिनेश कुमार, अमनप्रीत, जगमाल नरवाल समेत कई खिलाड़ियों एवं कोच को सम्मानित किया।