पुलिस कर्मियों ने सफाई अभियान चलाकर किया श्रमदान

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के दिशानिर्देशों के अनुसार सोमवार को जिला पुलिस द्वारा सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें जिला पुलिस के जवानों ने भाग लेकर पुलिस लाइन परिसर की सफाई की। इसके अलावा थाना/चौकियों में भी सफाई अभियान चलाया गया।
इस सफाई अभियान में महिला पुलिस कर्मचारियों ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया। मैदान, पार्क, छतों की सफाई के अलावा पुलिस लाईन, थाना/चौकी में कूड़े कचरे को इकट्ठा किया गया। बारिश के मौसम में फैल रहे घास फूस को काटा गया तथा मैदान, पार्क, छतों पर एकत्र हो रहे पानी को साफ किया गया।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने कहा कि हम सभी को अपने आस-पास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। हमें निरंतर सफाई अभियान चलाना चाहिए, ताकि हम स्वच्छ वातावरण में काम कर सके। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर इस तरह के अभियान जारी रखे जाएंगे।