सरकार के संसाधनों पर गरीब का पहला अधिकारः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

सरकार के संसाधनों पर गरीब का पहला अधिकारः मुख्यमंत्री मनोहर लाल

पात्र लोगों को यात्रा का पहुंच रहा भरपूर लाभः सांसद डॉ. अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि सरकार के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार गरीब व्यक्ति का है। मुख्यमंत्री रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश भर में चलाई जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। विकसित भारत संकल्प यात्रा रविवार को रोहतक नगर निगम के वार्ड 8 के अंतर्गत आने वाले आजादगढ़ सामुदायिक केंद्र में पहुंची। यहां पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संदेश सुना।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाएं लोगों के घर द्वार तक पहुंच रही है। उद्देश्य यही है कि सभी पात्र परिवारों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। प्रदेश के हर ब्लॉक में छोटे उद्योग बने इसे लेकर सरकार ने योजना बनाई है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से अपने उत्पाद तैयार कर रही महिलाओं के लिए शहरों में साझा बाजार की परिकल्पना की हैं, जहां पर महिलाएं अपने उत्पादों को बेच सकेंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हर जिले का कोई ना कोई उत्पाद प्रसिद्ध है। इन उत्पादों को भी स्वयं सहायता समूह के द्वारा बेचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में 28000 फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार तीन सी से निजात दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है, जिसमें भ्रष्टाचार, अपराध व जाति आधारित राजनीति है। इन तीनों बीमारियों का जड़ मूल से सफाई करना होगा। इसीलिए ही उन्होंने हरियाणा में सरकार बनते ही हरियाणा एक-हरियाणवी एक का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की छोटी सोच ने समाज को बहुत ही समस्याओं में डाल दिया। इनमें मुख्यत: थ्री-सी हैं, यानि करप्शन, क्राइम और कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं व सुविधाओं पर सबसे पहला हक गरीब का है, चाहे वह किसी भी जाति का हो। इसलिए अंत्योदय दर्शन के अनुरूप राज्य सरकार गरीबों को लाभ प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में विकसित भारत संकल्प यात्रा को 38 दिन पूरे हो चुके हैं और अब तक 37 लाख लोग सीधे इस यात्रा से जुड़े हैं। 35 लाख लोगों ने भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच का एक बड़ा कार्यक्रम है। सरकार सबको रोटी, कपड़ा व मकान तथा शिक्षा, स्वास्थ्य व सम्मान को लेकर आगे बढ़ रही है ताकि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल किया जा सके।

सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को उनके घर द्वार पर पहुंचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी वाली गाड़ी हर गांव-हर वार्ड में पहुंच रही है। मोदी की गारंटी वाली गाड़ी को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। हर जगह विकसित भारत संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत हो रहा है। सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि जो लोग किसी कारणवश अपने कार्यों को करवाने व योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालय में जाने में असमर्थ है, उन्हें विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान विभिन्न स्टालों के माध्यम से सरकार की योजनाएं व सेवाएं मौके पर उपलब्ध करवाई जा रही है।

सांसद ने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों के स्वास्थ्य की जांच मौके पर की जा रही है। उन्हें आयुष्मान भारत, चिरायु व उज्ज्वला जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचा जा रहा है। परिवार पहचान पत्र से संबंधित कमियों को भी मौके पर दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिर से विकसित भारत संकल्प यात्रा के साथ जुडक़र देश भर के नागरिकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे।

 

गरीबों को समर्पित मोदी-मनोहर सरकारः पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर

हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार हर व्यक्ति को रोटी, शिक्षा व सबके सिर पर छत की गारंटी को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गरीबी के दर्द को समझा है। इसलिए ही उन्होंने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते ही आह्वान किया था कि उनकी सरकार गरीबों को समर्पित होगी। ग्रोवर ने कहा कि केंद्र व राज्य में सरकार बनने के बाद करोड़ों परिवारों को गरीबों की रेखा से बाहर निकाला जा चुका है। हरियाणा प्रदेश से भाई भतीजावाद व परिवारवाद को समाप्त किया गया है। मेरिट के आधार पर युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही है। सरकार ने पात्र परिवारों की बेटियों की कॉलेज में शिक्षा मुफ्त कर दी है।

ग्रोवर ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति व परिवार को दिया जा रहा है। व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता लाई गई है और यही वजह है कि साढ़े 9 वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर कोई भी आरोप नहीं है। सरकार ने प्रदेश से जात-पात के जहर को समाप्त करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को तीन वर्गों में विभाजित करते हुए जाति पाति को समाप्त करने का ऐलान किया है। इन चार वर्गों में किसान, महिला, युवा व गरीब शामिल है। हरियाणा प्रदेश में किसानों को सर्वाधिक गन्ने का मूल्य दिया जा रहा है। हरियाणा की खेल नीति की वजह से प्रदेश के खिलाडिय़ों ने खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान आयाम स्थापित किया है। धारा 370 व 35ए को समाप्त करके सरकार ने राष्ट्र के प्रति अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों के संघर्ष के बाद 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला के द्वार खुलने वाले हैं, जिसके हम सब गवाह बनेंगे।

मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि सरकार ने अपनी नीतियों का योजनाओं के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य, पढ़ाई व रोटी की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। उन्होंने कहा कि लगभग 82 करोड़ लोगों को सरकार की योजना के तहत मुफ्त अनाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। करोड़ परिवारों को गरीबी की रेखा से बाहर लाया गया है। सरकार पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को उसका हक दिलाने के लिए काम कर रही है।