प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा में तीन रैलियां करेंगे, 26 को आएंगे सोनीपतः पं. मोहनलाल बड़ौली

हिसार और पलवल में भी होगी पीएम मोदी की जन आशीर्वाद रैली।

प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा में तीन रैलियां करेंगे, 26 को आएंगे सोनीपतः पं. मोहनलाल बड़ौली

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतने की भाजपा की रणनीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में तीन  रैलियां करेंगे। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हरियाणा में इस बार भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

पत्रकारों के समक्ष मोदी सरकार 3.0 के 100 दिनों की उपलब्धियां गिनवाते हुए पं. मोहन लाल बड़ौली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्म दिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विशव भर में भारत की साख बढ़ी है और मोदी ग्लोबल लीडर के तौर पर उभर के सामने आए हैं।

बड़ौली ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस भारी विद्रोह के दौर से गुजर रही है, जबकि भाजपा एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में है। इस दौरान हरियाणा भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, अशोक छाबड़ा, संदीप आजाद सहित अन्य मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आशीर्वाद रैली 26 सितंबर को सोनीपत में होगी। सोनीपत रैली का संयोजक स्वयं बड़ौली रहेंगे। इसके अलावा हिसार में पीएम मोदी की रैली होगी जिसके संयोजक कुलदीप बिश्नोई होंगे। प्रधानमंत्री 2 अक्टूबर को पलवल में रैली करेंगे जिसके संयोजक कृष्णपाल गुर्जर होंगे।

पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 18 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश की राजनीतिक राजधानी रोहतक में भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। उन्होंने कहा कि आज केंद्र की भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में ही 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई। 3 लाख करोड़ की सड़क, रेलवे की परियोजनाएं शुरू की, इन 100 दिनों में 11 लाख नई लखपति दीदी बनाई।

बड़ौली ने कहा कि बीते 100 दिनों में प्रधानमंत्री ने देशहित के लिए जितनी परियोजनाओं और विकास कार्यों की घोषणा की है, उतना कार्य कांग्रेस सरकार अपने दशकों के शासन में भी नहीं कर पाई थी। इन परियोजनाओं में देश के सभी वर्गों के लोगों का ध्यान रखा गया।

एक सवाल के जवाब में बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और लूट की राजनीति की है। इसका स्पष्ट उदाहरण कांग्रेस के टिकट वितरण में देखने को मिल रहा है। अपने कार्यकर्ताओं को ही कांग्रेस ने लूटा। राहुल गांधी की बात करें तो उनकी आरक्षण खत्म करने की मानसिकता सबके सामने आ गई है। अब तक तो कांग्रेस को यही नहीं पता कि हरियाणा में उनका सीएम कौन होगा। कांग्रेस हार की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस में विद्रोह और गुटबाजी है, कांग्रेसी कुमारी सैलजा का अपमान कर रहे हैं। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल हरियाणा में आए तो जनता उन्हें भी जवाब देगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय स्तर के नेता अमित शाह, राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित वरिष्ठ केंद्रीय नेता हरियाणा में प्रचार के लिए आएंगे।