देशभक्तों के संजोए सपनों को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्रीः सीएम मनोहर लाल

मेरी माटी मेरा देश के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को पंच प्रण की शपथ दिलाई।

देशभक्तों के संजोए सपनों को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्रीः सीएम मनोहर लाल

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2022 से 2047 तक देश में आजादी का अमृत काल चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना है। इस अमृत काल में देश की आजादी के लाखों वीर बलिदानियों को याद किया जा रहा है। आजादी के बाद जो सपना देश बनाने का उन्होंने संजोया था उसी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। हर घर तिरंगा के बाद अब मेरी माटी-मेरा देश कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत की जा रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने समारोह स्थल पर अमृत वाटिका का शिलान्यास कर पौधारोपण किया। प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने भी अमृत वाटिका में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को पंच प्रण की शपथ भी दिलाई जो दृढ़ता से हम सभी के जीवन का हिस्सा बनेगी। मुख्यमंत्री ने विख्यात कवि की कविता की पंक्ति-आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की, इस माटी से तिलक करो ये धरती है बलिदान की-भी दोहराई।

उन्होंने कहा कि आज यहां प्रदेशभर के कोने-कोने से 242 कलशों में हरियाणा की पवित्र माटी को स्वयंसेवकों द्वारा लाया गया है, जिसे 29 अक्टूबर को दिल्ली ले जाया जाएगा। पूरे देशभर से 75000 कलश देश की पवित्र माटी को लेकर दिल्ली पहुंचेगे और जहां अमृत काल के स्मारक के रूप में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। कर्तव्य पथ के पेड़ों में भी इस माटी को डाला जाएगा, जो देश की एकता व अखंडता का प्रतीक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लगभग 7 लाख गांव व शहरों के घर-घर से लाई जा  रही यह पवित्र माटी जब दिल्ली पहुंचेगी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सभी स्वयंसेवकों को शपथ दिलाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन कर उभरा है। 1947 में जब  देश आजाद हुआ तो उस समय लोगों में नया उमंग और उत्साह था। विकास के मामले में आज हम चांद पर भी पहुंचे हैं और अनेकों क्षेत्रों में आत्मनिर्भर हुए हैं। हरियाणा प्रदेश की आबादी देश की आबादी का मात्र दो प्रतिशत है फिर भी युवाओं में देश सेवा का जज्बा देखने को बनता है और सेनाओं में हमारी भागीदारी लगभग 11 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की माटी के प्रति हर किसी का अपार लगाव है। किसान भी हल चलाने से पहले धरती माता से क्षमा मांगता है। पहलवान भी अखाड़े में उतरने से पहले माटी का तिलक लगाता है और हर व्यक्ति सुबह उठते ही धरती माता को प्रणाम करता है।

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आज हरियाणा ने आर्थिक व औद्योगिक सहित हर क्षेत्र में प्रगति की है। आज प्रदेश में ऐसा माहौल बना है कि देश व दुनिया का हर निवेशक हरियाणा में निवेश करना चाहता है। देश में खिलाड़ियों के मेडल की बात आती है तो 40 प्रतिशत मेडल अकेले हरियाणा के खिलाड़ी लाते हैं।

इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि हमारे देश की माटी स्वर्ग से भी महान है। स्वामी विवेकानंद का माटी के प्रति प्रेम व लगाव ऐसा था कि उन्होंने विदेश से लौटते ही माटी को गले लगाया। यह माटी हमारे इतिहास, स्वाभिमान व गौरव का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अभियान को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आगे बढाया। उन्होंने मेरी माटी मेरा देश का नारा भी लगवाया।

विकास एवं पंचायत मंत्री देवेन्द्र बबली ने कहा कि हमारे खिलाड़ी और पहलवानों ने देश का नाम विश्व भर में रोशन किया है। सेना का हर दसवां जवान हरियाणा प्रदेश से है। हमारा किसान इसी मिट्टी पर सोना उगा रहा है। प्रदेश के कोने कोने से मिट्टी कलश लेकर पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मंत्री ने कहा कि अमृत महोत्सव के दौरान देश भर में करीब दो लाख कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ऐसा पहली बार हुआ है कि युवाओं को हमारे देश की महान विभूतियों के बारे में जानने का  अवसर मिला।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव व सूचना, जन सम्पर्क व भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का स्वागत करते हुए कहा कि पूरे देश में यह कार्यक्रम जोश के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के हर कोने से पावन माटी को लाए स्वयंसेवकों का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि देश आजादी के 75 साल मना रहा है। प्रदेश में 1 साल से लगातार इस संबंध में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। हरियाणा वासियों ने पूरे जोश के साथ अमृतकाल को अपनाया है।

इस मौके पर सांसद डॉ अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगडा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, हिसार के मेयर गौतम सरदाना, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर राजकुमार कपूर, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, उपायुक्त अजय कुमार, नगर निगम आयुक्त जितेंद्र दहिया, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, सहायक आयुक्त अंडर ट्रेनिंग अंजली श्रोत्रीय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, अतिरिक्त उपायुक्त महेश कुमार, उपमंडलाधीश राकेश कुमार सैनी, दलबीर फोगाट, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह मलिक, एचएसवीपी की सम्पदा अधिकारी श्वेता सुहाग, नगराधीश मुकुंद तंवर, अतिरिक्त सहायक आयुक्त अंडर ट्रेनिंग सिमरन व मोनिका के अलावा भाजपा नेताओं सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।