पं. श्रीराम शर्मा ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में निभाई महत्वपूर्ण भूमिकाः सीएम नायब सिंह सैनी
एमडीयू में स्थापित की जाएगी पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर शोध पीठ।

प्रदेश में एक विवि /संस्थान का नाम रखा जाएगा पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महर्षि दयानंद विवि, रोहतक में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान निर्माण सभा के सदस्य पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर एक शोध पीठ की स्थापना की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के लिए उनके महान योगदान के दृष्टिगत प्रदेश में एक विवि /संस्थान का नाम पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर रखे जाने की घोषणा भी की।
सीएम सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष 1 अक्टूबर को उनकी जयंती भी मनाएगी। इस अवसर पर प्रदेश भर के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध लेखन, कविता लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी, जिससे छात्रों को उनके जीवन और विचारों को जानने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा स्थल पर 30 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और उस स्थान के सौंदर्यीकरण करवाने की भी घोषणा की।
पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच द्वारा रखी गई दो अन्य मांगों बहादुरगढ़ स्थित पं. श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन पर उनकी शौर्यगाथा लिखने तथा स्कूली पाठ्यक्रम में पं. श्रीराम शर्मा की जीवनी को शामिल करने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मांगें संबंधित विभागों को भिजवा कर पूरी करवायी जायंगी। उन्होंने पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच समिति के लिए 21 लाख रुपये के अनुदान की भी घोषणा की, ताकि उनके आदर्शों और मूल्यों के निरंतर प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को रोहतक में पं. श्रीराम शर्मा पार्क स्थल पर प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण करते हुए ये घोषणाएं कीं। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत के स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पं. श्रीराम शर्मा को एक सच्चा देशभक्त, सम्मानित राजनेता, समाज सुधारक और गांधीवादी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान सभा के सदस्य के रूप में उन्होंने देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
सीएम ने कहा कि संविधान की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महापुरुषों को याद करने और उन्हें सम्मानित करने का आह्वान किया था। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान दिया और इस महान कार्य में पं. श्रीराम शर्मा का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधारा से गहराई से प्रभावित पं. श्रीराम शर्मा ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सभी पांच सत्याग्रह आंदोलनों में बढ़ चढ़ कर भाग लिया और स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के कारण वे कई बार जेल भी गए। जनवरी 1922 में असहयोग आंदोलन के दौरान पं. श्रीराम शर्मा ने झज्जर में ब्रिटिश ध्वज को उखाड़कर तिरंगा फहराया, जिसके कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और ब्रिटिश पुलिस ने उन्हें क्रूर यातनाएं दीं। इससे विचलित हुए बिना, वे अपने उद्देश्य में दृढ़ रहे। 1923 में, उन्होंने लोगों में स्वतंत्रता संग्राम की भावना को प्रेरित और प्रज्वलित करने के लिए एक साप्ताहिक उर्दू समाचार पत्र, हरियाणा तिलक का प्रकाशन भी शुरु किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा ने 1966 के बाद संयुक्त पंजाब के साथ-साथ हरियाणा में भी कई प्रतिष्ठित पदों पर कार्य किया। 1965 में उन्हें संयुक्त पंजाब सरकार द्वारा हरियाणा विकास समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन का नाम पं. श्रीराम शर्मा के नाम पर रखकर उन्हें सम्मानित किया है। इसके अलावा, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके आश्रितों को दी जाने वाली मासिक सम्मान पेंशन को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 40,000 रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पेंशन वर्तमान में पूरे राज्य में 289 लाभार्थियों को दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे पं. श्रीराम शर्मा के बताए रास्ते पर चलते हुए हमारी संस्कृति की गरिमा को बनाए रखने और राष्ट्र की एकता और अखंडता को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार चुनने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2029 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य का ‘नॉन स्टॉप’ विकास बिना किसी भेदभाव के जारी रहेगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार के तहत उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। अभी हाल ही में होनहार युवाओं को बिना किसी पर्ची-खर्ची के, योग्यता के आधार पर 25,000 नौकरियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पं. श्रीराम शर्मा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र सेवा के लिए अथक परिश्रम किया। उन्होंने महात्मा गांधी और बाल गंगाधर तिलक के साथ मिलकर देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पुराने रोहतक जिले का यह इलाका कर्मठ नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों का इलाका है। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, उसी तरह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास में लगे हुए हैं। इस अवसर पर मंत्री ने पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच समिति को 11 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा भी की।
पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा व अन्य स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए कड़ा संघर्ष किया तथा स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद सभी वर्गों को उनका हक दिलवाने में जीवन पर्यंत संघर्ष किया है।
पं. श्रीराम शर्मा की पुत्री के पुत्र कुलदीप शर्मा ने कहा कि आज उनके लिए गौरव का विषय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं संविधान निर्माण सभा के सदस्य पं. श्रीराम शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता सेनानी को पूरा मान-सम्मान दिया है। पं. श्रीराम शर्मा विचार मंच के अध्यक्ष पं. अशोक दीक्षित ने कहा कि पं. श्रीराम शर्मा ने देश की आजादी के लिए अनेक आंदोलनों में भाग लिया तथा अनेक बार जेल में यातनाएं सही। उन्होंने कहा कि ये विचार मंच गत 25 वर्षों से पं. श्रीराम शर्मा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समारोह में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, डॉ. रीटा शर्मा, उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, एसीयूटी अभिनव सिवाच, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रचार गजेंद्र फोगाट, पं. श्रीराम शर्मा के परिजनों में अंशु शर्मा, कुलदीप शर्मा, आशा शर्मा, संजय शर्मा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, एचएसवीपी के संपदा के अधिकारी मुकुंद तंवर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त भूपेंद्र सिंह सहित मंच के पदाधिकारी तथा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
15/1