राजमाता अहिल्याबाई की एक कुशल प्रशासक ,सशक्त नारी तथा समाज सुधारक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिकाः डॉ सीताराम व्यास

रोहतक, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ तथा लाल नाथ हिंदू कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में लोक माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन वृत्त पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य वक्ता, प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के उत्तर क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य डॉ सीताराम व्यास ने शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में हिंदू शिक्षण संस्थान के प्रधान सुदर्शन कुमार धींगड़ा मौजूद रहे।
माता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए मुख्य वक्ता डॉ सीताराम व्यास ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई ने एक कुशल प्रशासक, सशक्त नारी तथा समाज सुधारक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका समाज में निभाई। उन्होंने विधवा महिलाओं के सम्मान और पुनर्वास के लिए कार्य कर समाज में महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया और अपने शासन में करुणा नीति पूर्ण प्रशासन और धार्मिक साहित्य को बढ़ावा दिया। एक महान संरक्षक के रूप में उन्होंने काशी प्रयाग, सोमनाथ और रामेश्वरम सहित अनेक तीर्थ स्थलों का पुनर्निर्माण करवाया।
इस दौरान प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रांत अध्यक्ष डॉ. पुष्पदीप डागर, महिला प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. प्रोमिला यादव, डॉ. सीमा गोसाई, अनिला बठला, डॉ. अंजू देशवाल, पुस्तकालय अध्यक्षा डॉ चित्रा शर्मा, डॉ. हरदीप सिंह, डॉ. संदीप, डॉ. रौनक, डॉ. सुमित, डॉ. रीना कत्याल, प्रीति यादव व प्रीति भारद्वाज सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।