कार्यकर्ताओं का आभार जताने बाढ़डा पहुंचे राव दान सिंह

किसान नेता राजू मान की अगुवाई में आयोजित किसान-मजदूर ट्रैक्टर मार्च को सराहा।

कार्यकर्ताओं का आभार जताने बाढ़डा पहुंचे राव दान सिंह

बाढ़डा, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव में भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से इंडिया गठबंधन के कांग्रेसी उम्मीदवार रहे राव दान सिंह ने हल्के के कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि तमाम षड्यंत्रों के बावजूद बाढ़डा विधानसभा क्षेत्र ने इस चुनाव में जो साथ दिया, वो अविस्मरणीय है और वे यहां की जनता के ताउम्र ऋणी रहेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव दूर नहीं हैं और प्रदेश में दिख रहे रुझान के मुताबिक निश्चित तौर पर हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है।

राव दान सिंह ने बाढ़डा को क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए कहा कि किसान आंदोलन में यहां की अहम भूमिका रही है। उन्होंने चुनाव के दौरान किसान नेता राजू मान की अगुवाई में आयोजित किसान-मजदूर ट्रैक्टर मार्च का जिक्र करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आधी रात को चले ट्रैक्टर मार्च को मिले समर्थन को वो कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि किसान-मजदूरों के बेजोड़ साथ बारे हमारे नेता राहुल गांधी ने भी चर्चा की है।

बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव में भितरघात करने वालों को जनता जानती है। इलाके के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और मुस्तैदी से उनका साथ दिया है। उन्होंने बाढ़डा को राजनीतिक रूप से सजग इलाका बताया और कहा कि इसलिए यहां विरोधियों की कोई चाल कामयाब नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विधानसभा सभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने पर विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

इस दौरान पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, दादरी से विधायक सोमबीर सांगवान, पूर्व विधायक नृपेंद्र सिंह मांढी, पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर छिल्लर, जगत सिंह, राजू मान, डॉ ओमप्रकाश, डॉ धर्मेंद्र, डॉ विजय मंदोला, राजेश, मेवा सिंह, महिपाल, मामन जांगड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।