लैंगिक समानता के लिए 'थर्ड जेंडर' का सम्मान भी जरूरीः प्रो. दीप्ति धर्मानी

जीजेयू में 'सलाम नारी को' कार्यक्रम आयोजित।

लैंगिक समानता के लिए 'थर्ड जेंडर' का सम्मान भी जरूरीः प्रो. दीप्ति धर्मानी

हिसार, गिरीश सैनी। सीबीएलयू, भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्मानी ने कहा है कि जब हम जेंडर समानता की बात करते हैं, तो हमें 'थर्ड जेंडर' को भी नहीं भूलना चाहिए। हम एक ऐसा जागरूकता अभियान चलाएं, जिससे अब तक हाशिये पर खड़ा थर्ड जेंडर समाज मुख्य धारा का हिस्सा बने और नर व नारी दोनों के साथ मिलकर समाज व राष्ट्र के उत्थान में अपना योगदान दे। वह गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की महिला सेल, महिला क्लब तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम 'सलाम नारी को' को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रही थी।

 

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गुजवि कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की। गुजवि की महिला क्लब की संरक्षक व प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही। 

 

मुख्यातिथि प्रो. दीप्ति धर्मानी ने आह्वान किया कि नर और नारी में शक्ति संतुलन होना चाहिए। हमें एक दूसरे का आदर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां की राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि नारी ने न केवल समाज को आकार दिया है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा को दिशा भी दी है। दुनिया की आधी आबादी के बिना सृजन, संवेदन और संस्कार की कल्पना ही अधूरी होगी। विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को पाने के लिए नारी की सहभागिता व नेतृत्व जरूरी है। 

 

गुजवि की प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने आत्म विश्वास को बनाए रखें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत केवल प्रतियोगिता में विजयी होने के लिए नही, बल्कि अपने कौशल को श्रेष्ठता देने के लिए करें।

 

महिला सेल की अध्यक्षा प्रो. दीपा मंगला ने स्वागत सम्बोधन किया। धन्यवाद प्रस्ताव डा. अंजू गुप्ता ने किया। इस दौरान एक फोटो प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की गई तथा विभिन्न श्रेणियों में महिला उपलब्धि पुरस्कार भी दिए गए। अंडर ग्रेजुएट श्रेणी में सुधिका व आस्था सिंह को तथा पोस्टग्रेजुएट श्रेणी में प्रियंका देवी व संजना को यह सम्मान मिला। शोधार्थी श्रेणी में नेहा सैनी, नविता, रशिमा शर्मा, प्रियंका व ज्योति को सम्मान मिला।

 

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कनिका को पहला, पलक को दूसरा तथा आरती को तीसरा पुरस्कार मिला। स्लोगन लेखन में प्रियंका को पहला व मनीषा को दूसरा पुरस्कार मिला। कविता पाठ में यशु को पहला, निमिशा को दूसरा तथा शुभम को तीसरा स्थान मिला। प्रीति, अंजलि व दीपिका को रंगोली के लिए सम्मानित किया गया।