रोहतक आम आदमी पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष कविता शर्मा अपनी टीम के साथ कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस का परिवार तेजी से मजबूत हो रहा है, प्रदेश की भाजपा सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है: दीपेन्द्र हुड्डा

रोहतक आम आदमी पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष कविता शर्मा अपनी टीम के साथ कांग्रेस में शामिल

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा में विधान सभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की होड़ लगी हुई है। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में रोहतक आम आदमी पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष कविता शर्मा ने अपनी पूरी टीम के साथ कांग्रेस की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी का दामन थामा। इस अवसर पर दीपेंद्र हुड्डा ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और सभी को पार्टी में उचित मान-सम्मान देने का भरोसा देते हुए कहा कि कांग्रेस का परिवार तेजी से मजबूत हो रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार अब चंद दिनों की मेहमान है। हरियाणा में काँग्रेस के पक्ष में बदलाव की लहर चल रही है। इसकी झलक लोकसभा चुनाव परिणामों में साफ देखी जा सकती है। बीते 2 वर्षों में अन्य पार्टियों से 40 से ज़्यादा विधायक, पूर्व विधायक, मौजूदा सांसद, पूर्व सांसद, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। लोकसभा चुनावों के दौरान भी 3 मौजूदा विधायकों ने कांग्रेस को अपना पूर्ण समर्थन दिया है, जिससे बीजेपी सरकार अल्पमत में आ गई। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने देश के सभी 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राष्ट्रीय स्तर पर सबसे ज़्यादा वोट शेयर हासिल किया साथ ही सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में से 46 पर बढ़त हासिल की।

इस दौरान आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल महिला जिला अध्यक्ष कविता शर्मा ने कहा कि हरियाणा में अब भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में महिला जिला अध्यक्ष कविता शर्मा, जिला महिला उपाध्यक्ष अनीता देवी, जिला महिला उपाध्यक्ष सीमा रानी, जिला महिला उपाध्यक्ष सुनीता पांचाल, जिला संयुक्त सचिव सुनीता जांगड़ा, ब्लॉक प्रधान रीना देवी, ब्लॉक प्रधान सुनीति जांगड़ा, ब्लॉक प्रधान मीरा देवी, वार्ड अध्यक्ष सुनहरी देवी, किसान विंग से जिला उपाध्यक्ष अजमेर सिंह सहित अनेक महिलाएं शामिल रहीं।