रोहतक शहर को विकास की पटरी से उतारा भाजपा सरकार ने: बीबी बतरा

कहा, एक-एक भ्रष्टाचार का करेंगे खुलासा। 

रोहतक शहर को विकास की पटरी से उतारा भाजपा सरकार ने: बीबी बतरा

रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि भाजपा ने दस साल के शासनकाल में जमकर भ्रष्टाचार किया और रोहतक शहर को विकास की पटरी से उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि रोहतक की जनता अमृत योजना के तहत मिले साढ़े तीन सौ करोड़ रूपये का हिसाब भाजपा से मांग रही है, लेकिन इनके पास इसका कोई जवाब नहीं है। बतरा ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा रोहतक में किए गए एक-एक भ्रष्टाचार का खुलासा होगा। 

कांग्रेस प्रत्याशी बतरा ने सोमवार को रोहतक शहर में विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क करते हुए कहा कि भाजपा ने रोहतक का भट्ठा बैठा दिया। ऐसा लगता है इस शहर से भाजपा को कोई खास दुश्मनी  थी। उन्होंने कहा कि शहर का कोई हिस्सा ऐसा नहीं बचा जहां लोगों को गंदा पानी पीने पर मजबूर न किया गया हो। शहर में बढ़ते अपराध के चलते आज लोग भय के साये में जीने को मजबूर है।

बतरा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में स्मार्ट सिटी के रूप में जाना जाने वाला रोहतक शहर आज अपराध के नाम से जाना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने न कोई विशेष पैकेज शहर को दिया और न ही शहर के विकास के लिए कोई खास कदम उठाया। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि रोहतक की जनता पूरी तरह से भाजपा को नकार चुकी है और अब हार सामने देख भाजपा के नेता बौखला कर सुबह से शाम तक झूठ पर झूठ बोल रहे है।