अमृत योजना के साढ़े तीन सौ करोड़ का रोहतकवासी भाजपा से मांग रहे हिसाब: बीबी बतरा 

विधायक बोले, पोर्टल सिस्टम ने सिर्फ़ भ्रष्टाचार बढ़ाया। 

अमृत योजना के साढ़े तीन सौ करोड़ का रोहतकवासी भाजपा से मांग रहे हिसाब: बीबी बतरा 

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक से कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा ने कहा कि भाजपा दस साल के शासन में लोगों को स्वच्छ पेयजल, ठीक सड़कें जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवा पाई। लोगों द्वारा समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने के बावजूद समस्याओं का कोई समाधान नहीं है। बतरा ने पोर्टल सिस्टम को लोगों के जी का जंजाल बताते हुए कहा कि इससे सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले पोर्टल सिस्टम को बंद कर लोगों को राहत दी जाएगी।

कांग्रेस प्रत्याशी बतरा ने मंगलवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क अभियान के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने रोहतक शहर का भठ्ठा बैठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत 350 करोड़ रूपये का भी भाजपा के पास कोई हिसाब नहीं है। आज भी लोग घरों में गंदा पानी पीने को मजबूर है, वहीं शहर में साफ सफाई का भी बुरा हाल है। मामलूी सी बरसात में शहर पूरी तरह से तालाब बन जाता है। उन्होंने कहा कि शहर की जनता भाजपा से दस साल का हिसाब मांग रही है, लेकिन भाजपा नेताओं के पास इसका कोई जवाब नहीं है। बतरा ने कहा कि रोहतक की जनता पूरी तरह से परिवर्तन का मन बना चुकी है, और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में रोहतक का विशेष योगदान रहेगा।

इस दौरान आजादगढ़ के प्रधान युद्धवीर नरवाल अपने समर्थकों सहित भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गये। इससे पहले बीबी बतरा ने विश्वकर्मा पांचाल समाज कल्याण एवं धर्मशाला समिति के तत्वावधान में आयोजित यज्ञ में आहुति डाली।