कांग्रेस सरकार बनने पर फिर शुरू होगी रोहतक की विकास यात्रा: बीबी बतरा 

कांग्रेस सरकार बनने पर फिर शुरू होगी रोहतक की विकास यात्रा: बीबी बतरा 

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और रोहतक उसका हिस्सा बनेगा। उन्होंने कहा कि रोहतक के विकास की जो यात्रा भाजपा के जुमलों ने साढ़े 9 साल पहले रोक दी थी, कांग्रेस सरकार बनने पर वह एक बार फिर शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार रोहतक को उसका वास्तविक हक देगी। 

स्थानीय रेलवे रोड पर अपने पक्ष में मतदान की अपील करने पहुंचे बतरा ने कहा कांग्रेस राज में व्यापारियों को सुरक्षित माहौल मिलेगा और बाजारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि भाजपा सरकार व्यापारियों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। भाजपा राज में हरियाणा का कोई शहर ऐसा नहीं बचा जहां व्यापारियों ने डर के मारे चुपचाप फिरौती न दी हो। 

भारत भूषण बतरा ने कहा कि शहर के तमाम मुद्दों को उन्होंने विधानसभा में सरकार के सामने उठाया पर सरकार गूंगी बहरी बनी रही। उन्होंने कहा कि रोहतक का भट्ठा बैठाने वाले आज किस मुंह से वोट मांग  रहे है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलकर भाजपा अपनी नाकामियों पर पर्दा नहीं डाल सकेगी। हरियाणा की जनता समझदार है, वह जानती है कि विकास केवल कांग्रेस कर सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार का बनना तय है, जिसमें रोहतक की भागीदारी ज्यादा से ज्यादा होगी और शहर का सर्वांगीण विकास होगा।