संत राजिन्दर सिंह जी महाराज का लुधियाना में दो दिन सत्संग प्रवचन व आध्यात्मिक दीक्षा (नामदान) का कार्यक्रम

संत राजिन्दर सिंह जी महाराज का लुधियाना में दो दिन सत्संग प्रवचन व आध्यात्मिक दीक्षा (नामदान) का कार्यक्रम

लुधियाना, 10 अक्टूबर, 2024: सावन कृपाल रूहानी मिशन व वर्ल्ड काउंसिल ऑफ रिलिजन्स के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज 9 साल के बाद 14 अक्टूबर को लुधियाना में सत्संग प्रवचन हेतु पधार रहे हैं। वे लुधियाना में दो दिन सत्संग फरमायेंगे, जिसका आयोजन सावन कृपाल रूहानी मिशन की लुधियाना शाखा द्वारा किया जा रहा है। सत्संग के इस कार्यक्रम में सिर्फ लुधियाना से ही नहीं बल्कि भारत के विभिन्न राज्यों के हजारों लोगों के अलावा विदेशों से आए भाई-बहन भी भाग ले रहे हैं। 

संत राजिन्दर सिंह जी महाराज के सत्संग का कार्यक्रम 14 व 15 अक्टूबर, 2024 को लुधियाना के साहनेवाल खुर्द में, गोल्डन हट के नजदीक पाम गार्डन में शाम 7 बजे आयोजित किया जाएगा। 15 अक्टूबर की रात को 9 बजे प्रभु-प्राप्ति के जिज्ञासुओं के लिए नामदान (आध्यात्मिक दीक्षा) का कार्यक्रम भी इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें संत राजिन्दर सिंह जी महाराज जिज्ञासुओं को प्रभु की ज्योति व श्रुति का निजानुभव प्रदान करेंगे। 

प्रबंधकों ने जानकारी देते हुए बताया कि संत राजिन्दर सिंह जी महाराज के लुधियाना में दो दिन तक चलने वाले इस सत्संग व नामदान के कार्यक्रम में सभी को सादर आमंत्रित हैं।

संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पाँच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है। 

वर्तमान में संत राजिन्दर सिंह जी महाराज की अध्यक्षता में सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में 3200 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। सावन कृपाल रूहानी मिशन का मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।