सुपवा में "एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट" पर संगोष्ठी आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लखमी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के योजना एवं वास्तुकला विभाग द्वारा शुक्रवार को "एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय निर्माण प्रबंधन एवं अनुसंधान संस्थान के डीन, प्रो. बिनय पटनायक ने शिरकत की। इस संगोष्ठी का उद्देश्य छात्रों और संकाय सदस्यों को वास्तुकला, योजना एवं निर्माण क्षेत्र में परियोजना प्रबंधन के बदलते स्वरूपों पर गहन दृष्टिकोण प्रदान करना था।
मुख्य वक्ता प्रो. पटनायक ने वर्तमान चुनौतियों और नवाचारी रणनीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रौद्योगिकी के एकीकरण, हितधारकों के समन्वय और सतत योजना जैसे विषयों पर विशेष बल दिया, जो वर्तमान में परियोजना प्रबंधन में अनिवार्य हो चुके हैं। अंत में एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष अजय बाहु जोशी ने आभार व्यक्त किया।