सात दिवसीय पंचकल्याणक जिनबिम्ब प्रतिष्ठा महामहोत्सव 18 अप्रैल से

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर सराय मोहल्ला एवं सकल जैन समाज द्वारा झज्जर रोड स्थित भगवान शांतिनाथ जैन मंदिर, जैन जती में जिनेंद्र पंचकल्याणक जिनबिम्ब प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ 18 से 24 अप्रैल तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए राजीव जैन ने बताया कि समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। महोत्सव में मुख्य सानिध्य आचार्य विद्यासागर महाराज के शिष्य एवं योग प्रणेता मुनि प्रणम्य सागर महाराज सहसंग का होगा। महोत्सव के मुख्य संरक्षक समाजसेवी विजय कुमार जैन एवं अध्यक्ष समाजसेवी राजेश जैन हैं। इस सात दिवसीय महोत्सव में 18 अप्रैल को ध्वजारोहण/गर्भ कल्याणक पूर्व रूप, 19 अप्रैल को गर्भ कल्याणक पूर्व रूप, 20 अप्रैल को गर्भ कल्याणक उत्तर क्रिया, 21 अप्रैल को जन्म कल्याणक, 22 अप्रैल को तप कल्याणक दीक्षा, 23 अप्रैल को ज्ञान कल्याणक व 24 अप्रैल को मोक्ष कल्याण महोत्सव होगा।
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम अहिंसा स्थल से पैदल विहार करते हुए मुनि प्रणम्य सागर महाराज सहसंग दिल्ली, नजफगढ़, बहादुरगढ़, सांपला, खरावड़ जैन फार्म, सेक्टर-1 श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन गजरथ मंदिर होते हुए बुधवार प्रातः 8 बजे सिविल रोड स्थित महावीर पार्क में पहुंचेगे। यहां इन्द्रों द्वारा मुनि महाराज का पाद प्रछालन किया जाएगा।