गुजवि में होगी स्पिकमैके हेरीटेज क्लब की स्थापनाः कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
सांस्कृतिक संध्या आयोजित।

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के गूंज क्लब तथा स्पिकमैके के सौजन्य से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विवि की प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई भी इस दौरान उपस्थित रही।
इस दौरान विद्यार्थियों ने 'फौजी का संघर्ष' नामक संगीतमय नाटक की प्रस्तुति दी। स्पिकमैके के सौजन्य से प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पं. रितेश मिश्रा तथा पं. रजनीश मिश्रा के साथ-साथ पं. सुमित कुमार और पं. मितेश झा ने शास्त्रीय संगीत की शानदार प्रस्तुति दी।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि गुजवि में सांस्कृतिक गतिविधियों की एक समृद्ध परंपरा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां न केवल विकास का माध्यम हैं, बल्कि हमें अपनी सभ्यता और संस्कृति से भी जोड़ती हैं। कुलपति ने घोषणा की कि विवि में स्पिकमैके हेरीटेज क्लब की स्थापना की जाएगी, जिसके माध्यम से विद्यार्थी शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोककला और भारतीय परंपराओं से और गहराई से जुड़ पाएंगे।
डीन स्टूडेंटस वेलफेयर प्रो. अनिल कुमार ने सांस्कृतिक गतिविधियों व गूंज क्लब के बारे में विस्तार से बताया। गूंज क्लब के संरक्षक प्रो. खुजान सिंह ने कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों में कला और संस्कृति के प्रति रुचि उत्पन्न करने में सहायक सिद्ध होगा। इस दौरान विद्यार्थियों से विद्वान संगीत विशेषज्ञों से सीधा संवाद भी किया। कार्यक्रम का संचालन डा. विनीता चौहान, डा. सुनीता रानी व डा. मनीषा जांगड़ा ने किया।