प्रदेश सरकार खेल को केवल करियर ही नहीं, बल्कि जीवन शैली बनाने की दिशा में कर रही है कार्यः सीएम नायब सिंह सैनी
किलोई स्टेडियम में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की।

किलोई (रोहतक), गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खेल को केवल एक करियर ही नहीं, बल्कि जीवन शैली बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में स्कूल स्तर से ही खेलों को अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि बचपन से ही शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपये का मेडिकल बीमा कवर देने का संकल्प लिया गया है।
सीएम नायब सिंह सैनी रोहतक के गांव किलोई स्थित शिव कुमार मेमोरियल स्टेडियम परिसर में तीसरी अखिल भारतीय शिव कुमार स्मृति बास्केटबॉल प्रतियोगिता का बतौर मुख्यातिथि विधिवत शुभारंभ करने उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने शिव कुमार स्मृति स्टेडियम के कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की धनराशि, गांव में शीघ्र महिला चौपाल का निर्माण तथा गांव की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करवाने की भी घोषणा की। स्व. शिव कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी स्मृति हमें देश के लिए बेहतर करने की प्रेरणा देती रहेगी। यह उनकी सोच का प्रतीक है, जो खेल के माध्यम से समाज को एकजुट और सशक्त बनाना चाहती थी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ बनाये गए हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाये गये। इसके अलावा, 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। खिलाड़ियों के लिए क्लास-वन से क्लास-थ्री तक के पदों की सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार देता है। प्रदेश में अब तक खिलाडिय़ों को 593 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाडिय़ों को मानदेय भी दिया जा रहा है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा पदक जीतने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। वर्ष 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को 53 करोड़ 45 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। खेल विभाग द्वारा 15 हजार 634 खिलाडिय़ों को उपकरण प्रदान किये जा चुके हैं। खिलाड़ियों को बचपन से ही तराशने के लिए 1,489 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही है, जिनमें 37 हजार 225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इन नर्सरियों में नामांकित 8 से 14 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को 1500 रुपये तथा 15 से 19 वर्ष की आयु के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह दिये जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बास्केटबॉल एक ऐसा खेल है, जो केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं लेता, बल्कि इसमें टीम वर्क, अनुशासन, रणनीति और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता का भी परीक्षण होता है। यह युवाओं में एकजुटता, समर्पण और अनुशासन का विकास करता है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह स्व. शिव कुमार के समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना की जीवंत स्मृति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी प्रोत्साहन देती हैं। जब विभिन्न राज्यों और संस्कृतियों के खिलाड़ी एक साथ मैदान में उतरते हैं, तो वह केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि राष्ट्र एकता का प्रदर्शन होता है।
कार्यक्रम में पहुंचने पर गांव की मातृशक्ति ने मुख्यमंत्री को दूध से भरी बाल्टी प्रदान की, जिस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेरी माताओं ने दूध से स्वागत कर मुझे ताकत देने का काम किया है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मां ही होती है, जो अपने बच्चों की चिंता करती है। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर माताओं को नमन किया।
प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री एवं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गांव के लोगों ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया है। इस मैदान से हजारों खिलाड़ी निकलकर प्रदेश व देश का विभिन्न प्रतियोगिताओं में नाम रोशन किया है। पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा ने कहा कि किलोई गांव खेलों व देश प्रेम के लिए जाना जाता है। जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के साथ-साथ इस गांव में भी अभूतपूर्व विकास कार्य करवाए है।
शिव कुमार स्मृति स्टेडियम समिति तथा ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विशिष्ट अतिथि कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व अन्य अतिथियों का पुष्प मालाओं से स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह व पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य गणमान्य नागरिक व खिलाड़ी मौजूद रहे।