पुरातन संस्कृति को त्योहारों को माध्यम से संरक्षित किए जाने की जरूरतः कुलपति प्रो सुदेश

तीज पर बीपीएसएमवी में छाई हरियाणवी व्यंजनों की बहार।

पुरातन संस्कृति को त्योहारों को माध्यम से संरक्षित किए जाने की जरूरतः कुलपति प्रो सुदेश

खानपुर कलां, गिरीश सैनी। हरियाली तीज का लोक पर्व भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में हर्ष व उल्लास के साथ उत्साह पूर्वक मनाया गया। महिला विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के तत्वावधान में तीज पर्व पर शानदार हरियाणवी व्यंजनों की बहार, झूले झूलने की मस्ती तथा गीत संगीत नृत्य का समागम रहा।

महिला विवि के केंद्रीय उद्यान में आयोजित तीज महोत्सव में कुलपति प्रो सुदेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कुलपति प्रो सुदेश ने कहा कि भारत उत्सवों-त्योहारों का देश है। यह सभी पर्व-त्योहार सामाजिक सद्भाव, अमन-शांति-भाईचारा का संदेश समाज व देश को देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में हमारी पुरातन संस्कृति धूमिल होती जा रही है, जिसे संरक्षित किए जाने की जरूरत है।  

इससे पहले कुलपति प्रो सुदेश ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित तीज कार्यक्रम में विद्यार्थियों से गीत-संगीत-साहित्य-संस्कृति की गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया ताकि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज का उत्तर भारत में विशेष महत्व है।  कुलपति ने आयोजक टीम को इस कार्यक्रम के लिए हार्दिक बधाई दी। सीएसई एंड आईटी विभागाध्यक्षा सोनल बेनीवाल ने स्वागत भाषण दिया। इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संकाय के डीन प्रो विजय नेहरा ने आभार व्यक्त किया।

तीज महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला में विवि के शैक्षणिक खंड-1 स्थित संस्कारम सभागार में मेहंदी तथा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता की निर्णायक डॉ प्रिया धींगड़ा ने बताया कि मेहंदी प्रतियोगिता में प्रीती ने प्रथम, आशिका ने दूसरा तथा अंजलि ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। रितु को सांत्वना पुरस्कार मिला। वहीं, नृत्य प्रतियोगिता में फ्लोरेंस ने प्रथम, हर्षिता ने दूसरा तथा तान्शी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मुस्कान को सांत्वना पुरस्कार मिला। कुलपति प्रो सुदेश ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।

तीज महोत्सव में उपस्थित जन ने हरियाणवी पारंपरिक गीत गाते हुए झूलों पर पींगे डाली। छात्राओं-महिलाओं ने हाथों पर मेहंदी लगवाई। कार्यक्रम में गुलगुले-सुहाली वितरित की गई। इस कार्यक्रम में कार्यवाहक कुलसचिव प्रो श्वेता सिंह, चीफ वार्डन डॉ सुमन दलाल, विभिन्न संकायों के डीन व विभागाध्यक्षों सहित शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी एवं छात्राएं शामिल हुई। महिला विवि के शिक्षा विभाग तथा कन्या गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भी तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।