एमडीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव में होगा तिकोना मुकाबला
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव में इस बार तिकोना मुकाबला रहेगा। इस चुनाव के लिए अंतिम दिन नरेन्द्र धनखड़- रणधीर कटारिया गुट से कर्मचारी विकास मंच पैनल तले प्रधान सहित अन्य पदों के लिए नामांकन भरे गए।
मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेश पाल राठी ने बताया कि गैर शिक्षक कर्मचारी संघ चुनाव के लिए शुक्रवार को अंतिम दिन प्रधान पद के लिए विकास अहलावत, उप प्रधान पद के लिए रविन्द्र लोहिया, महासचिव पद के लिए मनीष कौशिक, सहसचिव पद के लिए रामबीर राणा तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए राजवीर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उप चुनाव अधिकारी खैराती लाल, सहायक चुनाव अधिकारी सुनील दहिया, पूर्व प्रधान सुमेर सिंह, पूर्व प्रधान जयबाग मलिक, पूर्व प्रधान रणधीर कटारिया सहित अन्य मौजूद रहे।
बता दें कि कुलवंत गुट से कर्मचारी स्वाभिमान मंच के पैनल तले अनिल मल्होत्रा ने प्रधान, धमेन्द्र ने उप प्रधान, अजमेर सिंह ने महासचिव, दीपक सैनी ने सह सचिव तथा विजय पाल ने कोषाध्यक्ष पद के लिए तथा फूल कुमार बोहत गुट से कर्मचारी सुरक्षा संगठन बैनर तले राजेश सैनी ने प्रधान, रविन्द्र पंवार ने उप प्रधान, विवेक चौहान ने महासचिव, नितिन भटनागर ने सह सचिव तथा राज कंवर ने कोषाध्यक्ष पद के लिए फार्म भरा है। चुनाव 28 अक्टूबर को प्रशासनिक भवन में होगा, जिसमें मतदान प्रातः 9 से शाम 4 बजे तक होगा। उसके बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।