शहर को गंदा पानी पिलाने वाले अब मगरमच्छ के आंसू बहाएंगे, बहकावे में मत आनाः आशा हुड्डा

कांग्रेस सरकार आते ही शहर का होगा नवनिर्माणः विधायक बतरा

शहर को गंदा पानी पिलाने वाले अब मगरमच्छ के आंसू बहाएंगे, बहकावे में मत आनाः आशा हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी आशा हुड्डा ने रविवार को रोहतक में रविदास समाज द्वारा आयोजित  समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जिन लोगों ने रोहतक शहर को पीने के लिए भी गंदा पानी दिया, वे अब मगरमच्छ के आंसू बहाते हुए आएंगे लेकिन उनकी बातों में मत आना। उन्होंने कहा कि रविदास समाज और कांग्रेस दोनों हमेशा एक साथ रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हो, चाहे प्रदेश अध्यक्ष दोनों इसी समाज से आते हैं।

आशा हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने 10 साल हरियाणा में केवल जात-पात की राजनीति करते हुए समाज को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि रविदास समाज का  सम्मान केवल कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हो या प्रदेश अध्यक्ष उदय भान, दोनों ही रविदास समाज का बहुत बड़ा नाम है। उन्होंने कहा कि ये चुनाव मात्र चुनाव नहीं बल्कि ये संविधान बचाने की लड़ाई है और हरियाणा को बचाने की लड़ाई है।

आशा हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी भर्ती शुरू होने से पहले ही पेपर लीक हो जाता है और आज तक ऐसे किसी भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर बीजेपी किसे बचा रही है? भाजपा राज में रोहतक के खस्ताहाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोग जिस शहर की लाइट देखने आते थे, आज उस शहर के खंभों पर बल्ब ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल खड़े करने वालों को पता होना चाहिए कि कांग्रेस सरकार ने रोहतक में जो संस्थान स्थापित किए, वे वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में भी नहीं है।

इस दौरान विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि हुड्डा सरकार के दौरान रोहतक को ख्वाब की तरह सजाया गया था लेकिन भाजपा सरकार ने इसे गड्ढों का शहर बना दिया। शहर की दुर्दशा पर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल से भी मिलकर ग्रांट की मांग की, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी बतरा ने कहा कि वे जानते है कि रोहतक शहर के लिए क्या बेहतर है और शहर के किस हिस्से में क्या-क्या करना है। बतरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार आते ही रोहतक शहर के नवनिर्माण का कार्य शुरू होगा।