झूठ और जुमलों पर आधारित गठबंधन सरकार की विदाई का समय आ गया: कुमारी सैलजा

कहा, हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी और जनता की मर्जी के होंगे काम।

झूठ और जुमलों पर आधारित गठबंधन सरकार की विदाई का समय आ गया: कुमारी सैलजा

फतेहाबाद, गिरीश सैनी । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि झूठ और जुमलों पर आधारित गठबंधन सरकार की विदाई का समय आ गया है। कांग्रेस संदेश यात्रा के बाद प्रदेश में बदलाव आएगा, कांग्रेस की सरकार बनेगी और फिर जनता की मर्जी के सारे काम होंगे, क्योंकि इस सरकार के कार्यकाल में जो भी अपने हक के लिए आवाज उठाता है, उस पर लाठियां बरसाकर उसे लहूलुहान कर दिया जाता है।

जिला के गांव ढांड में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि आज भाजपा राम का नाम लेकर फिर जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन इनके  बहकावे में नहीं आना है। राम पहले भी हमारे थे और हमारे ही रहेंगे, राम का नाम लेने के लिए भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा भगवान राम की बात करती है तो दूसरी ओर राम पर राजनीति करती है।  इतना ही नहीं भगवान राम के मर्यादा पूर्ण शासन की गरिमा को भंग करके जाति, धर्म और भाषा के आधार पर भेदभाव करके मानवता पर चोट की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से जनता तक राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे का संदेश पहुंचाना है। कांग्रेस के प्रति जनता का लगाव देखने को मिल रहा है। उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत भी सिरसा लोकसभा क्षेत्र से हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस दिन किसान और मजदूर के घर पर खुशहाली आएगी, समझना समाज तरक्की कर रहा है। भाजपा सरकार किसानों और मजदूरों के साथ विश्वासघात और मजाक कर रही है। बेरोजगारी के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, प्रदेश के हालात बद से बदतर हो गए हैं, पढ़े-लिखे नौजवान आज सरकार की नाकामियों के चलते बेबस नजर आ रहे हैं।  बुजुर्गों के सामने अपने युवाओं के सपने साकार न होते देखना बड़ा दुख पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमें कांग्रेस संदेश यात्रा निकालने का उद्देश्य दिया, खुद पहले  उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा और अब भारत जोड़ो नया यात्रा निकाली है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि यह यात्रा समय की पुकार है क्योंकि, नौजवानों को रोजगार मिलना चाहिए, बहनों को महंगाई से निजात चाहिए। यह निजात कांग्रेस ही दिला सकती है। आज हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन है। नौकरियां बिक रही हैं, इसलिए आपकी नौकरियों में हिस्सेदारी घट गई है। कुमारी सैलजा ने कहा कि इस बार कांग्रेस का साथ दें, तो आने वाला समय न्याय का समय होगा, 36 बिरादरी का समय होगा।

इस मौके पर हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, विधायक रेणुबाला, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व विधायक रणधीर सिंह धीरा, हरियाणा प्रदेश लीगल विभाग के चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल, रामनिवास राड़ा, वीरभान मेहता, मुकेश सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।

बॉक्स-

हम मिलकर हरियाणा की प्रगति में मजबूत भूमिका निभाएंगे: किरण चौधरी

इस मौके पर पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि हम एकता के साथ संघर्ष करेंगे और मिलकर हरियाणा की प्रगति में मजबूत भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता जो सपना देख रही है उसे हम और आप मिलकर पूरा कर सकते हैं।