अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर दो मंजिला पंडाल सजेगा रामलीला महोत्सव मेः राजेश जैन

पुरानी आईटीआई मैदान में 14 अक्टूबर से होगा रामलीला मंचन।

अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर दो मंजिला पंडाल सजेगा रामलीला महोत्सव मेः राजेश जैन

रोहतक, गिरीश सैनी। विजय दशमी के अवसर पर रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा पुरानी आईटीआई मैदान में 14 अक्टूबर से रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी रामलीला उत्सव कमेटी के मुख्य संरक्षक, समाजसेवी राजेश जैन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। इस मौके पर महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी, महामंडलेश्वर बाबा कर्णपुरी, महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद, परमहंस कालिदास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद, स्वामी सूर्यानंद, साध्वी शिवानी भारती, आईजी गुवाहाटी डी उपाध्याय आईपीएस विशेष रूप से मौजूद रहे।

राजेश जैन ने बताया कि इस बार रामलीला को भव्य बनाते हुए भगवान श्रीराम व भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित बीस झांकियां रंग बिरंगी लाईटों से लाईव दिखाई जाएंगी, जिनके साथ लोग सेल्फी भी ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि रामलीला का दो करोड़ रूपये का बीमा करवाया गया है। जैन ने बताया कि भारतीय इतिहास में पहली बार अयोध्या के राम मंदिर की आकृति वाली 150 फुट चौड़ी डबल स्टोरी स्टेज व भव्य पंडाल बनाया जाएगा। इस रामलीला में तीन स्टेज और अयोध्या राम मंदिर की तर्ज पर दो मंजिला भवन बनाया जाएगा। इस पंडाल में 6 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

मुख्य संरक्षक राजेश जैन ने बताया कि रामलीला उत्सव को लेकर तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी गई है। मुंबई से आये महाभारत व रामायण के कलाकारों द्वारा रामलीला की सुंदर प्रस्तुति की जाएगी। इस रामलीला का मंचन बेहतरीन लाईट व साउंड, एलईडी स्क्रीन एवं कोरियोग्राफी द्वारा संस्कृति कला संगम नई दिल्ली के कलाकारों द्वारा मुख्य निर्देशक लीलाधर के नेतृत्व में किया जाएगा। इस दौरान रामलीला उत्सव के कार्यक्रम की पत्रिका का भी विमोचन किया गया। बाबा कर्णपुरी ने बताया कि उनके डेरे से इस वर्ष भी राम बारात एवं दशहरा महोत्सव पर 24 हनुमान के स्वरूप धारण कर शहर में बैंड बाजे व शहनाई के साथ बारात निकाली जाएगी।

राजेश जैन ने कहा कि आज लोगों में जागरूकता लानी बहुत जरूरी है। इसके लिए वन विभाग, डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी, स्वास्थ्य विभाग, प्राकृतिक खाद, स्वच्छ भारत मिशन आदि के बूथ रामलीला में लगाए जाएंगे ताकि वातावरण के प्रति लोगों में जागरूकता आए। इस मौके पर प्रधान सुभाष तायल, शंकर लाल मित्तल, मीडिया प्रभारी राजीव जैन, सन्नी निझावन, शीतल, अमित नागपाल, नितिन बंसल एडवोकेट, उमा गोयल, मीना सिंघल, संतोष जैन, राजबाला गर्ग सहित अन्य मौजूद रहे।