रोहतक में कांग्रेस पर गरजे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

देश को हिंदू और मुसलमान में बांटने की राजनीति कर रही है कांग्रेसः राजनाथ सिंह

रोहतक में कांग्रेस पर गरजे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रोहतक में कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। भाजपा प्रत्याशी डा. अरविंद शर्मा की नामांकन जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश को हिंदू- मुसलमान में बांटना चाहती है। उन्होंने हमले को तीव्र करते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस देश को कंगाल करने पर तुली हुई है और जनता की कमाई पर डाका डालना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा कानून लाना चाहती है कि व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति का 55 प्रतिशत हिस्सा सरकार के पास चला जाए और 45 प्रतिशत परिवार के पास रहे। कांग्रेस को यह आइडिया कांग्रेस के ही एक नेता सैम पित्रोदा ने दिया है,जो खुद इंडियन कांग्रेस के नाम से संगठन चलाते हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सारी कोशिशें बेकार हो जाएगी, क्योंकि देश की जनता को दुनिया की कोई ताकत बहका नहीं सकती।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हिंदू और मुसलमान में देश को बांटकर राजनीति करना चाहती है और इसलिए उसने धर्म के आधार पर आरक्षण की बात कही है। जबकि भारत के संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ की राजनीति कर रही है, लेकिन भाजपा विकास और इंसाफ की राजनीति को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी देती रहेगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि पाकिस्तान से उनका कैसा रिश्ता है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हमने पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकवादियों को मारने का काम किया और यह संदेश देने का काम किया कि अगर हमारे ऊपर कोई हमला करेगा तो वह सीमा के इस पार भी मरेगा और सीमा के उस पार भी मरेगा।

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव का समय चल रहा है और यह चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपट जाएगा और इसके साथ ही कांग्रेस भी निपट जाएगी। सूरत में भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध चुने जाने पर कांग्रेस द्वारा इसे लोकतंत्र की हत्या कहे जाने का जवाब भी देते हुए राजनाथ सिंह  ने कहा कि देश में आजादी के बाद से अब तक 30 कांग्रेस उम्मीदवार लोकसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। भाजपा के उम्मीदवार पहली बार निर्विरोध चुने गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर सवाल दागा कि क्या जब कांग्रेस के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए तब लोकतंत्र की हत्या नहीं हुई थी?

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते रहे हैं और हारने के बाद पिछला चुनाव उन्होंने केरल में वायनाड से लड़ा था। अब केरल भी उनके लिए सुरक्षित नहीं है और अमेठी से वह चुनाव लड़ना नहीं चाहते। राजनाथ सिंह ने कहा कि राहुल का नाम रणछोड़ भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए 56 इंच का सीना चाहिए।

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी से पहले की सरकारों में थोड़ा बहुत काम हुआ था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने काम को तेजी प्रदान की। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले भारत की बात को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो दुनिया के लोग कान लगाकर ध्यान से सुनते हैं। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेई की सरकार थी, तब भारत धन दौलत के मामले में दुनिया में 11वें स्थान पर था और जब नरेंद्र मोदी ने सरकार संभाली उस समय भी भारत 11वें स्थान पर था, लेकिन  भ्रष्टाचार को रोककर भारत को दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध हुआ तो देश के 22 हजार 500 बच्चे यूक्रेन में फंस गए थे, तब भारत के प्रधानमंत्री ने रूस और यूक्रेन दोनों के राष्ट्रीय अध्यक्षों से बात की। करीब 5 घंटे के लिए युद्ध रुका और भारत के सभी 22 हजार 500 बच्चे सुरक्षित देश में लौट आए।

 

देश के रक्षा मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी की इच्छा थी कि देश से गरीबी समाप्त हो। कांग्रेस गरीबी समाप्त करने का नारा तो देती रही, लेकिन उसने गरीबी समाप्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण नीति आयोग और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने माना है कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आए हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि अगले 10 सालों में देश में गरीबी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी और भारत विश्व की महाशक्ति बनेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि बापू की दो इच्छाएं थी। पहली इच्छा कांग्रेस खत्म हो और दूसरी गरीबी खत्म हो। गरीबी को मोदी सरकार खत्म कर देगी और अब 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जनता खत्म कर देगी।

 

राजनाथ सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार केवल भाषणों से खत्म नहीं हो सकता उसे खत्म करने के लिए सिस्टम में बदलाव करना होता है और भ्रष्टाचार रोकने के लिए प्रधानमंत्री ने सिस्टम में बदलाव किए हैं। आज जनता के खाते में सीधा रुपया पहुंचता है।

 

कांग्रेस ने नौकरी के नाम पर युवाओं और मुआवजे के नाम पर किसानों से धोखा कियाः मुख्यमंत्री नायब सैनी

भाजपा प्रत्याशी डा. अरविंद शर्मा की नामांकन सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में युवाओं को नौकरियां देने का पैमाना पर्ची और खर्ची थी। जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को कांग्रेस के पर्ची और खर्ची के जाल से बाहर निकालकर योग्यता के आधार पर पारदर्शिता के साथ नौकरी देने का काम किया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ये वही कांग्रेस है जिसने किसानों को मुआवजा के नाम पर 2 और 5 रुपये के चेक देकर उनका मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया भारत बनाने का काम किया है। पिछले 55-60 सालों में जो काम नहीं हो पाया वे काम पिछले 10 सालों में मोदी सरकार ने करके दिखाए हैं। अब देश में दंगों की नहीं, विकास की बात होती है।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद पारदर्शी सिस्टम लागू हुआ और युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही है। कर्मचारियों के तबादले ऑनलाइन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 10 सालों में गरीब, किसान, युवा आदि सभी वर्गों के हितों के लिए योजनाएं बनाकर उनको लाभ पहुंचाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार 4 जून को जब परिणाम आएगा तो 400 से ज्यादा सीटों के बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री की शपथ लेंगे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ फैला रहे हैं, लेकिन लोगों को उनके बहकावे में नहीं आना है।

 

रोहतक को मेट्रो से नहीं जोड़ पाया तो 2029 का चुनाव नहीं लड़ूंगाः डा. अरविंद शर्मा

रोहतक लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा ने मंच से ऐलान करते हुए कहा कि वह रोहतक को मेट्रो से जोड़ेंगे और अगर वह ऐसा नहीं कर पाए तो 2029 का चुनाव नहीं लड़ेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सामने भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा ने क्षेत्र की मांगे भी रखी।  डा. शर्मा ने कहा कि आसौदा तक मेट्रो मंजूर हो चुकी है और अब अगला मिशन मेट्रो को सांपला से रोहतक तक लाना है। डॉ. शर्मा ने राजनाथ सिंह के सामने मातनहेल व महम व माजरा, कलानौर में सैनिक स्कूल, अहीर रेजीमेंट, सैनिक स्कूल खोलने की मांग भी रखी।

डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से केंद्र व राज्य में भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता ही मेरी ताकत है।

इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री राव नरबीर सिंह, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक लक्ष्मण यादव, पूर्व विधायक नरेश कौशिक, लोकसभा चुनाव प्रभारी राजीव जैन, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।