अंतिम व्यक्ति के जीवन स्तर को सुधारने में कारगर विकसित भारत संकल्प यात्रा: मेयर मनमोहन गोयल

निगम क्षेत्र के वार्ड नम्बर 10 व 11 में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा। 

अंतिम व्यक्ति के जीवन स्तर को सुधारने में कारगर विकसित भारत संकल्प यात्रा: मेयर मनमोहन गोयल

रोहतक, गिरीश सैनी। विकसित भारत संकल्प यात्रा पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के जीवन स्तर को सुधारने में कारगर साबित हो रही है। यह बात मेयर मनमोहन गोयल ने शनिवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। विकसित भारत संकल्प यात्रा नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलियाना तथा वार्ड नंबर 11 के अंतर्गत सेक्टर 2 हाउसिंग बोर्ड पार्क में पहुंची, जहां नागरिकों ने इसका भव्य स्वागत किया।

मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संकल्प है कि कोई भी व्यक्ति गरीबी की रेखा के दायरे में न रहे। इसलिए गरीब से गरीब व्यक्ति की सीधी मदद करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकार व प्रशासन लोगों के घर द्वार तक पहुंच रही है। मौके पर ही उन्हें योजनाओं का पात्र बनकर लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के चलते करोड़ों परिवार गरीबी की रेखा से बाहर निकले हैं। लोगों को स्वरोजगार के नए-नए अवसर सरकार की नीतियों के तहत प्रदान किया जा रहे हैं।

स्वयं सहायता समूह को दी जाने वाली सहायता के चलते महिलाएं स्वावलंबी बनी है। उन्होंने उज्जवला, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि व चिरायु योजना का मुख्य रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गरीबों के दर्द को समझते हुए सरकार ने देश के 82 करोड़ परिवारों को 5 किलो प्रति व्यक्ति अनाज मुफ्त देने का निर्णय लिया है। मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि हम सबको मिलकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करना होगा।

भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजकुमार शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार की विदेश नीति का प्रभाव पूरे विश्व में है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का भी विस्तार से उल्लेख किया। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने मंच पर आकर अपने विचार को साझा किया और बताया कि किस तरीके से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर उन्होंने अपने जीवन को संवारने का कार्य किया है।

उपस्थित लोगों को विकसित भारत की शपथ दिलाई गई। स्कूली छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एलईडी वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संदेश भी लोगों को सुनाया गया। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, पार्षद कदम सिंह अहलावत, पार्षद राहुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त राकेश सैनी मौजूद रहे।