हरियाणा में बीजेपी के खिलाफ लहरः प्रियंका गांधी

चिलचिलाती गर्मी में कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के लिए किया रोड शो।

हरियाणा में बीजेपी के खिलाफ लहरः प्रियंका गांधी

सिरसा, गिरीश सैनी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी के खिलाफ लहर है। पूरे देश में अंडर करंट है। लोग मोदी-भाजपा की राजनीति से थक चुके हैं। ये सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। ये जनता को नकारने वाली राजनीति है। देश में बेरोजगारी बहुत हो चुकी है, महंगाई बहुत हो चुकी है, लोग थक चुके हैं, और देश में बदलाव जरूर आएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि हरियाणा में भी परिवर्तन तय है और प्रदेश की सभी सीटों पर कांग्रेस भारी बहुमत से विजय हासिल करेगी।

प्रियंका गांधी वीरवार को चुनाव प्रचार के अंतिम दिन इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा के लिए रोड शो में हिस्सा लेने सिरसा पहुंची थी। करीब एक घंटा 10 मिनट तक चिलचिलाती धूप में प्रियंका गांधी ने लगातार लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा के चुनाव को और अधिक मजबूती प्रदान की।

श्री श्याम बगीची अनाज मंडी से शुरू हुआ ये रोड शो जनता भवन, जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, परशुराम चौक, अंबेडकर चौक तक चला। रोड शो के दौरान हजारों लोगों की भीड़ उमड़ने से सिरसा शहर की सड़कें जाम हो गई। तेज धूप व गर्मी के बावजूद रोड शो की रफ्तार मंद थी और जोश से लबरेज लोग आगे भी बढ़ नहीं पा रहे थे। इसलिए रोड शो को अंबेडकर चौक पर ही समाप्त करना पड़ा। हालांकि, लालबत्ती चौक से इसे आगे चलकर सांगवान चौक तक जाना था, लेकिन हीट वेव की चेतावनी के मद्देनजर जनता के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए रोड शो को पहले ही अंबेडकर चौक पर समाप्त कर दिया गया। रोड शो के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन पर सबसे आगे प्रियंका गांधी खड़ी थी, उनके साथ कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा व पूर्व मंत्री किरण चौधरी भी खड़ी थी।

लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान यह पहला मौका रहा, जब प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार के लिए हरियाणा में आई। तेज धूप व प्रचार का अखिरी दिन होने के कारण कुमारी सैलजा माइक द्वारा बार-बार भीड़ से आगे बढ़ने, आगे चलने का आह्वान करती नजर आई।

इस दौरान पूर्व मंत्री किरण चौधरी, विधायक शीशपाल केहरवाला, विधायक अमित सिहाग, पूर्व मंत्री परमबीर सिंह, पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व सांसद डॉ सुशील कुमार इंदौरा, पूर्व विधायक जरनैल सिंह, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व विधायक प्रह्लाद सिंह गिल्लाखेड़ा, पूर्व विधायक कुलवीर सिंह बैनीवाल, ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी के सचिव विनीत पूनिया, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ केवी सिंह, वीरभान मेहता सहित इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक भी मौजूद रहे।

गांधी परिवार से किसी सदस्य के एकमात्र सिरसा के रोड शो में भाग लेने से साफ है कि कुमारी सैलजा की पैठ गांधी परिवार में अब भी गहरी है और उन्हें गांधी परिवार का पूरा आशीर्वाद हासिल है।

बॉक्स-

झलकियां-

·         अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ को हाथ हिलाते हुए अभिवादन स्वीकार करती और दोनों हाथ जोड़कर सिरसावासियों का अभिवादन करती भी दिखाई दी।

·         रोड शो के दौरान सड़क किनारे हरियाणवी परिधान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खूब वाहवाही बटोरी। हरियाणवी कलाकारों की टोली पूरी तरह से हरियाणवी वेशभूषा में सज-धज कर हरियाणा गानों की धुनों पर लोकनृत्य करती भी दिखाई दी।

·         रोड शो के दौरान लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी सैलजा, सोनिया गांधी, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के फोटो छपी हुई तख्तियां भी उठाई हुई थी।

·         रोड शो के दौरान जिस विशेष वाहन पर प्रियंका गांधी व कुमारी सैलजा सवार थी, उस पर जगह-जगह पुष्प वर्षा होती रही।