रोहतक में जुटेंगे हरियाणा भर के सांगी, सांग के उत्थान पर करेंगे चर्चा

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रदेश भर के सांगियों का जमावड़ा 30 अप्रैल को हरियाणा कला परिषद के रोहतक कार्यालय में होगा। मंडल निदेशक व मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेन्द्र फोगाट इस दौरान सभी सांगियों के साथ स्वांग के उत्थान पर चर्चा करेंगे।
गजेन्द्र फोगाट ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए विख्यात सांगियों के नाम से अवार्ड घोषित किये थे, जिनसे सांग के क्षेत्र में नए परिवर्तन हुए। सालों पहले प्रदेश में दम तोड़ चुकी सांग विधा में नई जान फूंकने में प्रदेश सरकार ने बहुत अहम भूमिका निभाई और सांग को नए आयाम देते हुए प्रदेश में सैंकड़ों सांग उत्सवों का आयोजन करके पूरे देश के सांगियों को हरियाणा में आने का न्योता भेजा गया। देश के हर सांगी ने समय-समय पर प्रदेश के गांव-शहरों में अपनी सांग विधा का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि नायब सरकार ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती हो या अन्तर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेला हर आयोजन को सांग से अछूता नहीं रहने दिया। हाल ही में मई के पहले हफ्ते में कुरुक्षेत्र में सांगी धनपत सिंह के नाम से एक लाख का इनामी सांग दंगल भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पूरे देश व प्रदेश के 25 से अधिक सांगी अपना जौहर दिखाएंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही रोहतक के आसपास क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा सांग उत्सव आयोजित किया जाएगा।